नैनीताल में खुली पहली ‘ई-लॉबी’, पीएनबी के उत्तराखंड जोन के जीएम ने किया शुभारंभ

Share

20HREG246 नैनीताल में खुली पहली ‘ई-लॉबी’, पीएनबी के उत्तराखंड जोन के जीएम ने किया शुभारंभ

नैनीताल, 20 जनवरी (हि.स.)। पर्यटन नगरी नैनीताल को शुक्रवार को ‘ई-लॉबी’ का तोहफा मिला। देश के बड़े बैंकों में से एक पीएनबी यानी पंजाब नेशनल बैंक की ओर से तल्लीताल बाजार में क्रांति चौक के पास ई-लॉबी का शुभारंब किया गया। बैंक के उत्तराखंड जोन के महाप्रबंधन संजय कांडपाल ने फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया।

इस दौरान बताया गया कि इस ई-लॉबी में बैंक में मिलने वाली कमोबेश समस्त सुविधाएं बैंक शाखा के बाहर उपलब्ध होंगी। यह नगर में किसी भी पब्लिक सेक्टर के बैंक द्वारा स्थापित की जा रही पहली ई-लॉबी होगी। ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ के कॉन्सेप्ट पर कार्यरत इस अपनी तरह की अनूठी ई-लॉबी में गृह, पर्यटन, होटल आदि के साथ ही कार, भवन व उपभोग के ऋणों सहित माइक्रो फाइनेंस के सभी प्रकार के ऋण एवं वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के कार्य हो सकेंगे।

उत्तराखंड जोन के महाप्रबंधक संजय कांडपाल ने बताया कि पीएनबी के उत्तराखंड में 300 शाखाओं सहित 310 कार्यालय हैं। अब बैंक राज्य में ‘असिस्टेड मोड’ में चलने वाली ‘ई-लॉबी’ की शुरुआत कर रहा है। नैनीताल में शुरू होने जा रही इस ई-लॉबी में डिजिटल माध्यम से पीएनबी में अपना खाते खोलने, रुपये निकालने व लोन लेने सहित अधिकांश कार्य हो सकेंगे। यहां सहायता के लिए एक बैंक कर्मी भी मौजूद रहेंगे। आगे रुपये जमा करने की सुविधा देने की भी योजना है।

कांडपाल ने बताया कि पीएनबी उत्तराखंड में राज्य एवं केंद्र सरकार की सभी विकास, रोजगार व गरीबी उन्मूलक योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों एवं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने, खासकर महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने एवं वित्तीय व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी कार्य कर रहा है।