30HREG117 भाजपा प्रदेश कार्य समिति में पदाधिकारियों का चुनावी व्यवस्थाओं पर रहा विशेष ध्यान
देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा नेताओं का फोकस चुनावी मुद्दे पर चर्चा और सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के अलावा हर घर तक सरकार की उपलब्धियों को कैसे पहुंचाया जाए, जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहा। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किए गए जिन पर विचार मंथन हुआ।
भाजपा कार्यसमिति की बैठक के अंतिम और दूसरे दिन भाजपा के पदाधिकारियों और नेताओं का पूरा फोकस एक ही सवाल के ईद-गिर्द रहा। 2022 का लोकसभा चुनाव कैसे जीता जाए? इस मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। क्योंकि चुनाव जीतने की जिम्मेदारी सरकार और संगठन दोनों की है। केंद्र और राज्य सरकार ने जो भी जनहित के कार्य किए गए हैं या किए जा रहे हैं, उन्हें हर घर तक कैसे पहुंचाया जाए? संगठन के कार्यकर्ताओं को इस पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। चुनावी मुद्दे क्या होने चाहिए, इस पर विस्तार से चर्चा जरूरी है, प्राथमिकता के आधार पर मुद्दे तय किए जाना जरूरी है।
बैठक में महिला आरक्षण, सशक्त भू कानून तथा धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून लाने जैसे राजनीतिक प्रस्ताव लाए गए ओर राज्य के विकास में सहायक राजनीतिक मुद्दों पर चिंतन मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर राज्य सरकार कार्य कर रही हैं। अब तक सवा सौ करोड़ की विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं के लाभ के बारे में आम आदमी को बताया जाए।
इस अवसर पर सरकार के मंत्रियों के कामों की समीक्षा भी की गई। सरकार के मंत्रियों ने कौन-कौन से विकास कार्य किए हैं या किए जा रहे हैं इसको घर घर तक पहुंचाया जाना जरूरी है। बैठक में जी 20 के तहत राज्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई और भविष्य में होने वाले पार्टी के सभी कार्यक्रमों के बैनर पोस्टर जी 20 का लोगो लगाए जाने का फैसला लिया गया है। दूसरे दिन की बैठक में सीएम के अलावा प्रदेश प्रभारी, सभी सांसद और राज्य सरकार के मंत्री उपस्थित थे।