जूनियर राष्ट्रीय टीम के लिए बुलावा आने तक मुझे नहीं पता था कि पासपोर्ट क्या होता है: सुनीता मुंडा

Share

28HSPO5 जूनियर राष्ट्रीय टीम के लिए बुलावा आने तक मुझे नहीं पता था कि पासपोर्ट क्या होता है: सुनीता मुंडा

नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। वर्ष 2016 में जब सुनीता मुंडा को एएफसी अंडर-14 रीजनल चैंपियनशिप के नेशनल कैंप के लिए बुलाया गया तो शायद ही किसी को आश्चर्य हुआ हो। 14 साल की होने से पहले ही, मुंडा ने पिच पर अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा साबित कर दी थी, उनमें एक अच्छे स्ट्राइकर के सभी आवश्यक कौशल थे। उनके कोचों ने कभी भी उनकी काबिलियत पर शक नहीं किया।

झारखंड के जोन्हा गाँव में जन्मी सुनीता को पता था कि विपक्ष के डिफेंस को कैसे भेदना है, लेकिन उन्हें पासपोर्ट के महत्व के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब टीम प्रबंधन ने उनसे अपना पासपोर्ट जमा करने के लिए कहा तो उनके हाथ खाली थे।

सुनीता ने एआईएफएफ से बातचीत में कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे उस समय पासपोर्ट का मतलब नहीं पता था। मैं आवेदन करने और अपना पासपोर्ट प्राप्त करने के लिए शिविर से घर वापस चली आई और इसके बाद पासपोर्ट हासिल करने के बाद एएफसी अंडर -14 क्षेत्रीय चैम्पियनशिप में खेलने के लिए ताजिकिस्तान चली गई।”

उन्होंने कहा, “विभिन्न शिविरों में रहकर मैंने नई चीजें सीखी हैं। दूर-दराज के गाँवों से आने वाले, हममें से बहुत से लोग फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक कुछ बुनियादी सुविधाओं से अनजान थे, जैसे जूते, गुणवत्तापूर्ण फुटबॉल, नियमित शारीरिक व्यायाम और यहाँ तक कि उचित भोजन भी। धीरे-धीरे हमने शिविरों में भाग लेने के बाद इन चीजों के बारे में जाना और उनके महत्व को सीखा।”

फुटबॉल के प्रति अपने प्यार को आगे बढ़ाने के लिए सुनीता को उनके परिवार का पूरा समर्थन मिला। उनके पिता, जो अपनी युवावस्था में फुटबॉल खेलते थे, उन्हें उस समय मैदान में ले गए जब वह खेल में अपने नवजात कदमों को चिन्हित कर रही थी। उनके पिता कभी पेशेवर स्तर तक नहीं पहुंचे थे लेकिन चाहते थे कि उनकी बेटी उनके सपनों को पूरा करे।

सुनीता ने कहा, “मैंने उनसे बुनियादी बातें सीखीं। अब मैं चाहती हूं कि वह किसी दिन मुझे सीनियर नेशनल टीम के रंग में देखें। यह कुछ ऐसा है जो मुझे अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए करना है।”

उन्होंने कहा, “यहां तक पहुंचना मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन मेरा परिवार है जिसने हमेशा मेरा साथ दिया है। यह वह है जिसने मुझे राष्ट्रीय टीम का फुटबॉलर बनने में सक्षम बनाया है।”

सुनीता 2016 में राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के बाद से टीम के लिए एक प्रमुख खिलाड़ी साबित हुई हैं और विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में गोल किए हैं। 19 वर्षीय फॉरवर्ड ने पिछले साल इंडियन वूमेंस लीग में इंडियन एरोज के लिए भी अहम भूमिका निभाई थी।

वह वर्तमान में ढाका, बांग्लादेश में 3-9 फरवरी, 2023 तक खेली जाने वाली आगामी सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए चेन्नई में होम गेम्स स्पोर्ट्स एरिना में टीमम साथ तैयारी कर रही हैं।