27HREG73 उत्तराखंड पहुंचे बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, आचार्य बालकृष्ण से की मुलाकात
हरिद्वार, 27 जनवरी (हि.स.)। बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों तीन दिवसीय उत्तराखंड के दौरे पर हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वे बागेश्वर धाम में होने वाले विशेष यज्ञ के लिए साधु-संतों को आमंत्रण देने के लिए उत्तराखंड आये हैं। वे हरिद्वार के विंध्यवासिनी में रुके हुए हैं। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म की बात कह रहे हैं। उन्होंने सनातन धर्म का जिक्र करते हुए कहा कि कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने हरिद्वार में आचार्य बालकृष्ण से भी मुलाकात की।
बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उनके ऊपर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगा है। उनसे इसके बारे में प्रमाण मांगे जा रहे हैं। अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति ने कहा है कि जब बागेश्वर धाम सरकार को चमत्कार साबित करने के लिए चुनौती दी गई है तो कथा बीच में ही छोड़कर वह चले गए।
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा के दौरान लोगों की समस्याएं सुनने और उसका समाधान करने का दावा किया जाता है। कहा जाता है कि भूत, प्रेत से लेकर बीमारी तक का इलाज बाबा की कथा में होता है। बाबा के समर्थक दावा करते हैं कि बागेश्वर धाम सरकार इंसान को देखते ही उसकी हर तरह की परेशानी जान लेते हैं। उसका समाधान करते हैं।
बागेश्वर धाम सरकार का कहना है कि वह लोगों की अर्जियां बालाजी हनुमान तक पहुंचाने का जरिया मात्र हैं। जिन्हें भगवान सुनकर समाधान देते हैं। इन्हीं दावों को अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति ने चुनौती दी। यहीं से विवाद की शुरुआत हुई।