जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली के बर्खास्तगी के विरोध में कांग्रेस ने दिया धरना

Share

28HREG141 जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली के बर्खास्तगी के विरोध में कांग्रेस ने दिया धरना

-जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

गोपेश्वर, 28 जनवरी (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष रंजनी भंडारी की बर्खास्तगी के विरोध में एक दिवसीय धरना देते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मामले उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

चमोली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के सम्मुख धरना दिया। धरने के माध्यम से एक ज्ञापन राज्यपाल को भेजा गया है। कांग्रेस पार्टी के नगराध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में मदहोश होकर जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व में भी जिला पंचायत के मामले में जांच हुई थी, जिसमें दो आईएएस अधिकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को क्लीन चिट दी थी लेकिन इस बार फिर से लोगों का ध्यान जोशीमठ भूधंसाव और वहां के प्रभावितों के विस्थापन से हटाने के लिए जिला पंचायत के मामले को फिर से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्यपाल से मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष की बहाली की मांग की है यदि जल्द ही ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस पार्टी एक बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होगी।

इस अवसरपर दीवान सिह बिष्ट, अरविंद नेगी, सूर्या पुरोहित, धीरेंन्द्र गरोड़िया, रवीन्द्र नेगी, मदन लाल टम्टा, जगत लाल, संदीप झिंक्वाण आदि मौजूद थे।