27HREG68 चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष की बर्खास्तगी के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
गोपेश्वर, 27 जनवरी (हि.स.)। चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष रंजनी भंडारी की बर्खास्तगी के विरोध में शुक्रवार को चमोली जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस के सभी संगठनों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के तिराहे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला दहन किया।
चमोली जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चमोली ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष की बर्खास्तगी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया तथा भाजपा सरकार के विरोध में नारे बाजी की। साथ ही गोपेश्वर बस स्टेशन के तिराहे पर मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। लोकतांत्रिक तरीके से चुन कर आये जनप्रतिनिधियों को हटाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के वर्तमान में जो हालात बने हुए हैं वह तो सरकार से संभल नहीं पा रहे, उल्टा जनता का ध्यान भटकाने के लिए विरोधी पक्ष के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा जा रहा है।