कानपुर समेत उप्र के कई जिलों में बादलों ने बढ़ाया तापमान, 28 तक बारिश के आसार

Share

23HREG20 कानपुर समेत उप्र के कई जिलों में बादलों ने बढ़ाया तापमान, 28 तक बारिश के आसार

कानपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। सर्दी के सीजन में पहली बारिश की वजह से मौसम में परिवर्तन दिखा। रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। सुबह शहर के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी तक हल्की बारिश के आसार है।

कानपुर समेत पूरे प्रदेश में रविवार को हुई बारिश के बाद सर्दी का कहर फिर से बढ़ गया। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। तीन मिमी. तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार 28 तक हल्की बारिश का अनुमान है।

सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 26 जनवरी तक इस तरह का मौसम बना रहेगा। वैसे 28 जनवरी तक बदली और मौसम का सिलसिला जारी रहेगा। 25-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं ने रविवार को गलन बढ़ा दी थी। तेज हवाएं आगे भी जारी रह सकती हैं।

उन्होंने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 24 से 21 डिग्री सेल्सियस हो गया था। रात के तापमान में भी वृद्धि हुई। पारा 6.8 डिग्री से बढ़कर 07.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बदली और बारिश के इस मौसम में रात के तापमान में तो वृद्धि हो सकती है, लेकिन दिन का पारा कम हो सकता है। तापमान के इस उतार-चढ़ाव का असर फसलों पर भी पड़ सकता है। दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 23 जनवरी से पांच दिन तक कभी कम तो कभी ज्यादा बारिश का अनुमान अभी भी लगाया जा सकता है।

मौसम विभाग कहना है कि गेहूं की फसल को इस बारिश से राहत मिलेगी। एक पानी और नहीं लगाना पड़ सकता है। लेकिन आलू और मटर को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है। जिन स्थानों पर ओलावृष्टि अधिक हुई है वहां की अधिकतम फसलें प्रभावित हुई हैं।