मुख्यमंत्री शिवराज ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर पर्यटन प्रेमियों को प्रदेश में आने का दिया आमंत्रण

Share

25HREG12 मुख्यमंत्री शिवराज ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर पर्यटन प्रेमियों को प्रदेश में आने का दिया आमंत्रण

भोपाल, 25 जनवरी (हि.स.)। भारत में हर साल की तरह इस वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर पर्यटन प्रेमियों को प्रदेश में आने का आमंत्रण देते हुए सभी लोगों को शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज ने बुधवार को ट्वीट कर पर्यटन दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा ‘आप सभी पर्यटन प्रेमियों को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं। आपको मैं पर्यटन के लिए मध्यप्रदेश में हृदय से आमंत्रित कर रहा हूं। भीम बैठका, सांची स्तूप, धुआंधार जल प्रपात, कान्हा राष्ट्रीय उद्यान और असंख्य अनूठे स्थानों के भ्रमण से आपको असीम आनंद की प्राप्ति होगी।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट कर लिखा ‘मध्यप्रदेश अपने ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ टाइगर के लिए भी प्रसिद्ध है। अब हम केवल टाइगर स्टेट नहीं, बल्कि चीता स्टेट भी हो गये। यहां आपको टाइगर की दहाड़ के साथ चीते की रफ्तार भी देखने का सुख प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में आपको पर्यटन के साथ भगवान महाकाल के आशीर्वाद से निर्मित श्रीमहाकाल महालोक की दिव्यता के साथ ओंकारेश्वर, अमरकंटक तथा ओरछा के रामराजा के दर्शन का भी अप्रतिम सुख मिलेगा। मैं पुन: आपको मध्यप्रदेश में पर्यटन हेतु आमंत्रित करता हूं।

बता दें कि राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाने की शुरूआत आजादी के बाद वर्ष 1948 में हुई थी। राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को पर्यटन का महत्व और भारतीय अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका के प्रति जागरुकता लाना था। वैश्विक समुदाय के बीच पर्यटन और इसके सामाजिक, राजनीतिक, वित्तीय और सांस्कृतिक मूल्य के महत्व को लेकर जागरुकता बढ़ाने के लिय यह दिवस मनाया जाता है।