28HNAT41 चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू, विभागीय मंत्री ने दिए निर्देश
-मार्गों के नवनिर्माण में नवीनतम तकनीक का प्रयोग करें : सतपाल महाराज
-गुजरात की तर्ज पर मोबाइल एप की सम्भावनाएं तलाशें
देहरादून, 28 जनवरी (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सरकार की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत धर्मस्व एवं संस्कृति, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को विभागीय बैठक में चारधाम यात्रा के सुचारु और निर्बाध रूप से चलने के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
आज यमुना कालोनी स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय में लोक निर्माण,पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक और वर्चुअल रूप से जुड़े जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां भी सड़कें धंस रही हैं और भूस्खलन की शिकायत मिल रही है, उसकी रोकथाम के साथ-साथ पल-पल की रिपोर्ट सरकार को दी जाए।
मंत्री सतपाल ने अधिकारियों को पर्वतीय जनपदों में सड़कों के अवरुद्ध होने और उनके बेहतर रख-रखाव पर जोर देते हुए कहा कि इनकी हमेशा देखरेख करने वालों की तत्काल नियुक्ति की जाए और विभाग में रिक्त चल रहे पदों को जल्द भरा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त मार्ग और पुलों के पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्रता से किया जाना चाहिए।
बैठक में मंत्री ने जोशीमठ मैं हुए भू-धंसाव, मारवाड़ी और हेलंग बाईपास के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि चार धाम यात्रा पर जितने भी बाईपास है उन्हें भी पूरी तरीके से दुरुस्त कर लिया जाए।
लोनिवि मंत्री ने मार्गों के नवनिर्माण में विस्फोटक आदि का प्रयोग न करते हुए नवीनतम तकनीक का प्रयोग करने की भी अधिकारियों को सलाह दी। उन्होंने पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तान्तरित मार्गों के अनुरक्षण के लिए तत्काल धनराशि आवंटित कर प्राथमिकता के आधार पर अनुरक्षण कार्य किये जाने के भी आदेश दिए।
महाराज ने मार्गों को गढ्ढामुक्त बनाये जाने और त्वरित गति से अनुरक्षण कार्य के लिए गुजरात राज्य की तर्ज पर मोबाइल एप बनाए जाने की सम्भावनाएं तलाशने के सलाह दी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, अपर सचिव विनीत कुमार, प्रमुख अभियंता अयाज अहमद, मुख्य अभियन्ताओं, अधिशासी अभियन्ताओं सहित अपर सचिव, आपदा एवं समस्त जनपदों के जिलाधिकारी, विभागीय अधिकारियों की ओर से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।