26HREG272 गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय पर्व के रंग में रंगी ब्रज भूमि, आन-बान और शान से लहरता रहा तिरंगा
मथुरा, 26 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी के अवसर पर मथुरा में गुरुवार को जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज आन-बान और शान से दिनभर लहरता नजर आया। राष्ट्रीय पर्व के रंग में ब्रज भूमि रंगी नजर आई। वहीं पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में तिरंगे की शान अद्भुत रंग बिखेरे हुई थी। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में हुआ। जहां कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने राष्ट्र ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
देशभर के साथ मथुरा में भी गुरुवार को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। सरकारी, अर्ध-सरकारी, स्कूल, कॉलेज सहित विभिन्न इमारतों पर राष्ट्र ध्वज तिरंगा आन बान और शान के साथ लहराया गया।
74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ब्रज भूमि देश भक्ति के रंगी नजर आई। देशभक्ति के नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम मथुरा स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर हुआ। यहां मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवम चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने राष्ट्र ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस के जवानों ने हैरतअंगेज कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए अपने जौहर का प्रदर्शन किया।
मथुरा कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी पुलकित खरे ने राष्ट्र ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र ध्वज को सलामी देते हुए वहां मौजूद अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सहित कलेक्ट्रेट कर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर वृंदावन के आजाद मैदान से प्रभात फेरी निकाली गई।
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्र ध्वज ले कर आजाद मैदान से निकले और नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः आजाद मैदान पहुंची। जहां कांग्रेस के नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारिख ने राष्ट्र ध्वज फहराया।
भारतीय जनता पार्टी महानगर होली गेट मंडल द्वारा गुरुवार राष्ट्र के 74वें गणतंत्र दिवस की स्वर्णिम के प्रभातकालीन बेला भर भारतीय जनता पार्टी के शहर कार्यालय पर उत्तर प्रदेश सरकार के विधान परिषद सदस्य ठाकुर ओमप्रकाश ने ध्वजारोहण किया।
गणतंत्र दिवस की इस पावन बेला पर ध्वजारोहण पर होलीगेट मण्डल अध्यक्ष लोकेश तायल, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा तथा समस्त जिले एवं मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामय उपस्थिति रही।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी शैलेश पांडे ने खुद सड़कों पर उतरकर पैदल मार्च किया। शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों के अलावा होटल, गेस्ट हाउस को भी चैक किया। डॉग स्क्वायड और बॉम्ब स्क्वायड ने धार्मिक स्थल सहित सभी प्रमुख इमारतों को चैक किया।