भाजपा कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद करेंगे ध्वजारोहण

Share

26HREG5 भाजपा कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद करेंगे ध्वजारोहण

-26 जनवरी से 5 फरवरी तक मुरादाबाद में संपन्न होने वाले भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाई

मुरादाबाद, 25 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर की बैठक बुधवार को बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई, जिसमें 26 जनवरी से 5 फरवरी तक मुरादाबाद में संपन्न होने वाले पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि 26 जनवरी को बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर सुबह साढ़े 10 बजे ध्वजारोहण होगा। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ध्वजारोहण करेंगे। 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे आजाद वाटिका में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ अरुण सक्सेना बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करेंगे।

भाजपा महानगर महामंत्री श्याम बिहारी शर्मा ने बताया कि 27 जनवरी को महाराजा हरीश्चंद डिग्री कॉलेज में प्रात: साढ़े 10 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा बच्चों से संवाद का परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा जाएगा। 27 जनवरी को मुरादाबाद देहात विधानसभा का मतदाता सम्मेलन दोपहर 1 बजे से एमआईटी कॉलेज में होगा और 28 जनवरी को मुरादाबाद नगर विधानसभा का मतदाता सम्मेलन एसडीएम इंटर कॉलेज लाइनपार में संपन्न होगा।

महामंत्री कमल गुलाटी ने बताया कि 29 जनवरी को प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी का मन की बात कार्यक्रम महानगर के प्रत्येक बूथ पर सुना जाएगा। महानगर महामंत्री दिनेश शीर्षवाल ने बताया कि 1 फरवरी को राधा 11 बजे मैनेजमेंट की कार्यशाला संपन्न होगी।

भाजपा महानगर महामंत्री नत्थूराम कश्यप ने बताया कि 30 जनवरी को एमएलसी स्नातक चुनाव की वोटिंग होगी और 2 फरवरी को एमएलसी चुनाव के लिए बरेली में मतगणना संपन्न होगी। भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित ने बताया कि 5 फरवरी को प्रातः 11 रामगंगा विहार स्थित एमआईटी कॉलेज में भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न होगी।