26HREG248 बीएचयू के स्थापना दिवस पर आरएसएस ने निकाला पथ संचलन,अनुशासित कदमताल लोगों में आकर्षण
—पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों पर कई जगह पुष्प वर्षा,सह सरकार्यवाह मुकुंद भी हुए शामिल
वाराणसी, 26 जनवरी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के 108वें स्थापना दिवस बसंत पंचमी पर गुरूवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काशी दक्षिण भाग के महामना नगर के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भव्य पथ संचलन किया। संचलन ट्रामा सेन्टर से प्रारम्भ होकर रविदास गेट होते हुए लंका स्थित विश्वविद्यालय के सिंह द्वार पर पहुंचा, जहां सह सरकार्यवाह मुकुंद ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर माल्यार्पण किया।
इसके बाद पथ संचलन का विराम रुइया क्रीड़ा स्थल पर हुआ। पंथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों पर कई जगह पुष्प वर्षा भी हुई। पूरे राह पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों के अनुशासित कदमताल लोगों में आकर्षण का केन्द्र बना रहा। सभी स्वयंसेवक दण्ड लेकर घोष वादन की धुन पर क्रमबद्ध पंक्ति में अनुशासन से चल रहे थे।
इसके पहले विश्वविद्यालय के स्थापना स्थल (ट्रामा सेंटर) स्थित सरस्वती मंदिर में पू.उ.प्र. क्षेत्र के क्षेत्र कार्यवाह डॉ.वीरेन्द्र जायसवाल, विभाग संघचालक डॉ.जेपी लाल, सह विभाग संघ चालक त्रिलोक, भाग संघचालक सुनील एवं सभी नगरों के संघचालकों ने सपत्नीक वैदिक रीति से पूजन किया। इसके उपरांत स्वयंसेवकों ने वन्देमातरम का गान किया। इस अवसर पर सह सरकार्यवाह मुकुंद ने बौद्धिक (सम्बोधन) में बीएचयू के स्थापना के लिए महामना के कठिन संघर्षों को भी बताया।