शनिवार से चार दिन बंद रहेंगे बैंक, ग्राहकों की बढ़ी भीड़

Share

27HREG59 शनिवार से चार दिन बंद रहेंगे बैंक, ग्राहकों की बढ़ी भीड़

-दो दिन अवकाश के चलते तो दो दिन हड़ताल होने से बंद रहेंगे सभी बैंक

कानपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। आगामी चार दिनों तक बैंक की बंदी होने के चलते शुक्रवार को लगभग सभी बैंकों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। ग्राहक पासबुक प्रिंट, कैश जमा व कैश निकालने के साथ ही आरटीजीएस के काम में लगे रहे। अब बैंक बुधवार को खुलेंगे, जिसको लेकर सभी बैंक अपने एटीएम में पर्याप्त रुपया डालने का प्रयास कर रहे हैं।

शनिवार से लेकर मंगलावर तक बैंकों में कामकाज नहीं होगा। एसबीआई बैंक पहले ही कह चुका है कि 30 और 31 जनवरी को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बैंक के रोजाना के काम पर असर पड़ सकता है। इसके पहले 28 जनवरी को महीना का चौथा शनिवार है और हर चौथे शनिवार को नियमत: बैंक बंद रहती हैं। इसके बाद 29 जनवरी को रविवार के चलते बैंक बंद रहेंगे। इस प्रकार शनिवार से चार दिनों बैंक बंद रहेंगे। इसको लेकर शुक्रवार को बैंकों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही और लोग अपने काम कराते रहे। वहीं एटीएम में भी लोग रोज के मुकाबले ज्यादा निकासी कर रहे हैं। बैंकों की हड़ताल से एटीएम में भी कैश निकालना प्रभावित हो सकता है।

एसबीआई ने बताया कि भारतीय बैंक संघ ने जानकारी दी है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने यूएफबीयू के साथ जुड़ी एसोसिएशन यानी एआईबीओसी, एआईबीईए, एनसीबीई, एआईबीओए आदि ने हड़ताल का नोटिस जारी किया है। बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगें मनवाने के लिए 30 और 31 जनवरी 2023 को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल पर जाने की घोषणा की।