18HREG51 बजरंग दल ने आतंकवाद का पुतला फूंका, राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा
देहरादून, 18 जनवरी (हि.स.)। हिन्दूवादी संगठन बजरंग दल ने अपने कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में लैंसडाेन चौक पर आक्रोश प्रदर्शन और आतंकवाद का पुतला दहन किया। संगठन ने नगराधीश के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है, जिसमें देश भर में हिन्दुओं के ऊपर होने वाले हमलों के प्रति गंभीरता का आग्रह किया गया है।
बुधवार को दिए गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि आज देश एक विकट परिस्थिति से जूझ रहा है जिसकी ओर हम आपका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। देश में जिहादी तत्व घृणा और आतंक का वातावरण निर्माण कर रहे हैं। कभी “सर तन से जुदा गैंग” सक्रिय होता है तो कभी लव जिहाद या जिहाद के अन्य प्रकारों से हिन्दू समाज को आतंकित करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। हिन्दू संगठनों, उनके कार्यकर्ताओं और हिन्दू नेताओं पर हमले कर उनकी हत्या करने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
उन्होने बताया कि 8 जनवरी को असम के करीमगंज जिले के लोविरपुरा में बजरंग दल के एक 16 वर्षीय कार्यकर्ता शंभू कैरी की एक जिहादी नं चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पिछले 2 वर्षों में ही बजरंग दल के 9 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है और 32 कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं। जो घटना अभी दिल्ली में हुई है वह भी चिंता पैदा करती है, जिसमें दो हत्यारों ने एक हिन्दू की निर्मम हत्या कर दी और उसके 32 टुकड़े करने के बाद कहा कि उसके निशाने पर कई हिन्दू नेता भी हैं।
आतंक फैलाने के लिए किए गए इन हमलों में दो नई रणनीतियां सामने आ रही हैं। हमलों के लिए नाबालिगों को आगे किया जा रहा है जो बकरों की कुर्बानी और मदरसों की शिक्षा के कारण पहले से ही क्रूरता और घृणा से कूट-कूट कर भरे होते हैं।
बजरंग दल ने राष्ट्रपति से मांग की है कि केन्द्र सरकार को निर्देश दें कि घृणा फैलाने व झूठे विक्टिम कार्ड खेलकर मुस्लिम समाज को भड़काने वाले मौलवियों और नेताओं पर नियंत्रण करने के लिए एक कठोर कानून बनाया जाए। हिंसा के लिए प्रेरित करने वाले संगठनों सिम्मी, पीएफआई, सिटीजन फोरम आदि के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि घृणा का वातावरण बनाने में मदरसों का बड़ा योगदान है। उन पर नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था बनानी चाहिए, यह समय की मांग है।
ज्ञापन देने वालों में विकास वर्मा, महानगर संगठन मंत्री अमित कुमार, अध्यक्ष नवीन गुप्ता,विशाल चौधरी, मंत्री राजेंद्र राजपूत, आशीष बलूनी,प्रभात वर्मा, भूपेंद्र चौधरी, अध्यक्ष आलोक सिन्हा, अनुज वर्मा, चंदन सिंह, अमर चौधरी, राजा वर्मा,अंकुर जैन, संजीव, दीपक जेट्टी, राघव उपाध्याय अशोक, यशविन्दर सिंह आदि के नाम शामिल है।