सैलानियों का खोया मोबाइल मिला एक बुजुर्ग महिला को

Share

30HREG53 सैलानियों का खोया मोबाइल मिला एक बुजुर्ग महिला को

नैनीताल, 30 जनवरी (हि.स.)। सरोवर नगरी में महिला सैलानियों का महंगा मोबाइल फोन खो गया। बाद में पता चला कि वह नगर की एक करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिल गया था, लेकिन उसने इसे नहीं लौटाया।

जब तल्लीताल थाना पुलिस मोबाइल फोन फाइंडिंग डिवाइस की मदद से उस तक पहुंची, तो भी उसने फोन मिलने की बात नहीं स्वीकारी। बल्कि वह बहाने बनाने लगी। इस पर पुलिस ने फोन तो उससे बरामद कर ही लिया, साथ ही उसे और अन्य लोगों को भी हिदायत दी कि यदि उन्हें ऐसी कोई वस्तु मिले तो वह पुलिस के पास जमा कराएं।

बताया गया कि जिन महिला सैलानियों का फोन खोया था वह पहाड़ के ही निवासी हैं, लेकिन दिल्ली में रहते हैं। इधर वह नैनीताल आए थे तो उनका फोन खो गया। पुलिस ने फोन फाइंडिंग डिवाइस से जब मोबाइल बुजुर्ग महिला के पास से बरामद किया तो सैलानियों ने नैनीताल पुलिस की सराहना की और उनका धन्यवाद किया। साथ ही बुजुर्ग महिला के माफी मांगने पर उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।