भू-धंसाव : अजेन्द्र अजय मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि नामित

Share

20HREG416 भू-धंसाव : अजेन्द्र अजय मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि नामित

देहरादून, 20 जनवरी (हि.स.)। बद्री केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय को जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव को लेकर मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है। इसके लिए शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद चमोली के जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव के दृष्टिगत वहां पर चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास सम्बन्धी कार्यों के पर्यवेक्षण के लिए मुख्यमंत्री की अपेक्षानुसार बद्रीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय को मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि के रूप में नामित किया जाता है। अध्यक्ष से यह भी अपेक्षा की गई है कि वे समय-समय पर उक्त प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही शासन-प्रशासन से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए जोशीमठ में चल रहे विभिन्न राहत कार्यों के संबंध में प्रत्येक दिवस मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय को वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे। इसके लिए अध्यक्ष को किसी भी प्रकार का कोई अतिरिक्त वेतन-भत्ता देय नहीं होगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।