22HREG74 महिला की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
गाजियाबाद,22जनवरी(हि.स.)। कविनगर पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा किया है इसमें पिता पुत्र ने महिला की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने के लिए उतरौला से एक्सीडेंट दिखा दिया पुलिस ने पिता-पुत्र में उनके सहयोग करने वाले एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त नगर निपुण अग्रवाल बताया कि 17जनवरी रात्रि को पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला श्री जी धर्मकांटे के सामने इंडस्ट्रियल एरिया जीटी रोड के किनारे घायल अवस्था में पड़ी मिली है,जिसे सिविल लाइन चौकी थाना कोतवाली गाजियाबाद द्वारा एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसे डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
साक्ष्य संकलन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व इलेक्ट्राॅनिक सर्विलांस के आधार पर मृतका की मृत्यु का वास्तविक कारण मुंह व गला दबाकर दम घुटने से होना पाया गया। जिसके बाद मृतका के पति व मृतका के गांव के लोगों से गहनता से पूछताछ की गई तो ज्ञात हुआ कि मृतका के गांव के ही रहने वाले चरन सिंह के साथ अवैध संबंध थे तथा मृतका चरन सिंह के साथ अक्सर बाहर जाती रहती थी। जिसका मृतका के परिजन व चरन सिंह के परिवार वाले बहुत विरोध करते थे। घटना के दिन भी चरन सिंह व मृतका घटना स्थल के पास ही स्थित होटल में रुके थे। वहीं से निकलकर चरन सिंह व उसके पुत्र रोहित द्वारा मृतका को बहाने से अपनी वैगनार गाड़ी में बैठाकर उसकी हत्या कर दी गई तथा उसके शव को रोड पर फेंककर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। जिसके बाद चरन सिंह मौके से निकल गया । जिसके बाद रोहित ने अपने मित्र संदीप को मदद के लिए बुला लिया तथा उसी समय वहां से गुजर रहे एक ट्रोला वाले को उसके ट्रोले से एक महिला का एक्सीडेंट होना बताकर रोक लिया तथा उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर तथा उससे जबरदस्ती यह कहलवाकर कि उसकी गाड़ी से एक महिला का एक्सीडेंट हुआ है। उसकी एक वीडियो भी बना ली तथा ट्रोला वाले को भी दबाव देकर यकीन दिला दिया कि उसकी ट्रोला से एक महिला का एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस ने चरन सिंह निवासी गिरधरपुर सुनारसी थाना बादलपुर उसके पुत्र रोहित तथा संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तगण के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार को बरामद किया गया।