04HSPO9 एसीबी सलाहकार सेवाओं के माध्यम से करेगा अमीरात क्रिकेट बोर्ड का सहयोग
यूएई, 4 जनवरी (हि.स.)। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने डीपी वर्ल्ड इंटरनेशनल लीग टी20 की इवेंट टेक्निकल कमेटी पर सलाहकार सेवाओं के माध्यम से अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को सहयोग दिया है।
एसीबी और ईसीबी के बीच हाल ही में हस्ताक्षरित एमओयू के अनुसार जहां एसीबी की घरेलू श्रृंखला यूएई में आयोजित की जाएगी, वहीं एसीबी ने उद्घाटन डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 कार्यक्रम के लिए सलाहकार सेवाएं प्रदान करने के अनुरोध पर सहमति व्यक्त की है।
मीरवाइज अशरफ जो अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष हैं और जिन्होंने 46 एकदिवसीय और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है, डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 की इवेंट टेक्निकल कमेटी को विशेषज्ञ सलाह देंगे।
गौरतलब है कि एसीबी और ईसीबी के बीच आपसी सहमत से पांच साल के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर हुआ हैं। इस ऐतिहासिक करार के तहत अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यूएई में अपने घरेलू मुकाबलों की मेजबानी और उसके पास मौजूद वर्ल्ड क्लास वेन्यू का इस्तेमाल कर सकेगा।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड हर साल तीन मैचों की टी20 सीरीज यूएई की नेशनल टीम के खिलाफ खेलेगा और इसके बदले में अमीरात क्रिकेट बोर्ड वीजा सहायता और ऑफिस के लिए जगह सहित अफगानिस्तान बोर्ड को जरूरी सहायता देगा।