26HREG268 राजकीय निर्माण निगम 31 जनवरी तक हवाई अड्डे की कमियों को दूर कर लेगा
-रनवे पर बताई गई कामियों को सुधारने के लिए गुरुवार से शुरू हुआ काम
-मुरादाबाद में मूंढापांडे स्थित हवाई पट्टी से पीतलनगरी से अप्रैल से शुरू हो सकती है उड़ान
मुरादाबाद, 26 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद में लंबे समय से तैयार हो रहा हवाई अड्डे का सपना शीघ्र ही पूरा हो जाएगा। मुरादाबाद में मूंढापांडे स्थित हवाई पट्टी पर डीजीसीए द्वारा रनवे पर बताई गई कामियों को सुधारने के लिए गुरुवार से काम शुरू हो गया।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि 31 जनवरी तक राजकीय निर्माण निगम कमियों को दूर कर लेगा। फरवरी में डीजीसीए (डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन) की टीम हवाई अड्डे का मुआयना करेगी। इसके बाद अप्रैल से उड़ान संभव हो सकती है। दो दिन पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिली है। सब कुछ तैयार होने के बाद हवाई अड्डा राज्य की संपत्ति में दर्ज कर लिया गया है। अब यहां से हवाई सफर की सेवाएं देने की जिम्मेदारी प्राधिकरण की है।
कई वर्षों से मुरादाबाद से हवाई सफर का इंतजार कर रहे पीतलनगरी वासियों अपने शहर से हवाई सफर का सपना अप्रैल में पूरा हो सकता है। अब तक गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और पर्यावरण एवं वन विभाग से एनओसी न मिलने के कारण उड़ान में बाधा थी। अब रक्षा मंत्रालय ने एनओसी जारी कर दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण का कहना है कि शेष दो एनओसी बाद में जारी हो जाएंगी। साथ ही हवाई अड्डे पर वीवीआईपी लॉन्ज के गेट को बाहर शिफ्ट करने, पुलिस चौकी को रनवे की ओर से हटाकर बाहर की तरफ बनाने का काम चल रहा है। इसमें पुलिस टीम के रहने की व्यवस्था भी की गई है।
इसके अलावा गेटों के नीचे जाली लगाई गई है, जिससे जंगली जानवर हवाई अड्डे के अंदर प्रवेश न कर सके। डीजीसीए के निर्देशों के मुताबिक रनवे को दुरुस्त किया जाना है। राजकीय निर्माण निगम यह कार्य 31 जनवरी तक पूरा कर लेगा। फरवरी में डीजीसीए की टीम के भ्रमण के बाद यदि रिपोर्ट सकारात्मक रही तो अप्रैल से मुरादाबाद के लोगों का सपना साकार हो सकता है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने अब तक किए गए सुधार कार्यों की रिपोर्ट डीजीसीए को भेज दी है। कुछ कार्यों पर डीजीसीए ने संतोष जताया है, जबकि कुछ कामों को आकर देखने के लिए कहा है। अब टीम के निरीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
डीजीसीए द्वारा रनवे पर बताई गई कामियों को सुधारने के लिए गुरुवार से काम शुरू हो गया। पहले टीम ने रनवे को लैंडिंग के लिए सही नहीं पाया था। इसकी सतह को ठीक किया जाएगा। रनवे वाली सड़क की ऊपरी परत से लेकर इसके ढलान तक सभी कार्य मानक के मुताबिक करने होंगे। अंतिम छोर पर रेसा (विशेष मिट्टी) का भराव कराया जाएगा। इससे आपातकालीन स्थिति में विमान को रोका जा सकेगा।