गोरखपुर-बस्ती मंडलों को मिली कोरोना की 1.18 लाख डोज

Share

19HREG430 गोरखपुर-बस्ती मंडलों को मिली कोरोना की 1.18 लाख डोज

गोरखपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। कोरोना के टीके फिर से लगने शुरू होंगे। गोरखपुर-बस्ती मंडल के जिलों को शासन से कोविशील्ड की 1.18 लाख डोज आवंटित की गई है। जल्दी ही हर जिलिन में टीके पहुंच जाएंगे। एडी हेल्थ कार्यालय से सभी जिलों को वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि इस आबंटन को काफी कम बताया जा रहा है।

गोरखपुर-बस्ती मंडल के जिलों को शासन से मिली कोविशील्ड की 1.18 लाख डोज में गोरखपुर के लिए 34,800, महराजगंज के लिए 12,500, देवरिया के लिए 15,500, कुशीनगर के लिए 21,600 और बस्ती मंडल के बस्ती जिले के लिए 10,700, संतकबीर नगर जिले के लिए 9,900 और सिद्धार्थनगर जिले के लिए 13,300 डोज आबंटित हुआ है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके कुशवाहा ने बताया कि वैक्सीन आवंटित हो गई है। आपूर्ति के बाद सेंटर के डीप फ्रीजर में रखी जाएगी। इसके बाद सभी बूथों पर भेजी जाएगी। स्लॉट बुकिंग के लिए कोविन की वेबसाइट पर जाकर नजदीकी बूथ पर वैक्सीन की तीसरी खुराक ली जा सकती है। कोविड टीका हो या नियमित टीका अब मंगलवार से रविवार तक लगाया जाएगा। सोमवार को छुट्टी रहेगी। अभी सोमवार से रविवार तक वैक्सीनेशन का काम चल रहा था, लेकिन अब सप्ताह में सोमवार को अवकाश रहेगा।

कम है उपलब्धता

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, जिले में अब तक केवल 36 प्रतिशत लोगों को सतर्कता डोज लग पाई है। 18 लाख से अधिक लोग तीसरी डोज से वंचित हैं। इस हिसाब से आवंटित की गई डोज बहुत कम है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वैक्सीन नियमित आती रहती है, इसलिए टीकाकरण का संकट नहीं खड़ा होगा। बूथों पर पहुंचने वाले लोगों को टीका जरूर लगाया जाएगा।