30HREG250 भाजपा मुख्यालय में हीराबेन को दी गई श्रद्धांजलि
देहरादून, 30 दिसम्बर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता हीराबेन के निधन पर शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भटृ ने कहा कि हीराबा जैसी माताएं युगों युगों में जन्मती हैं। शुक्रवार को बलबीर रोड स्थित मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने हीराबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस मौके पर उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि वह ऐसी मां थीं, जिसके सपूत ने भारत का माथा दुनियाभर में ऊंचा किया है। उनके व्यवहार की ममता और दृढ़ता ने प्रधानमंत्री मोदी को देश की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया और आज उनके संस्कार मोदी के रूप सबके लिए मार्गदर्शन का काम कर समूचे भारत में पल्लवित हो रहे हैं।
श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि अपने अतुलनीय एवं अविस्मरणीय प्रयासों से जिस मां हीरा बा ने मोदी के व्यक्तित्व का निर्माण कर इतनी ऊंचाई पर पहुंचने की क्षमता दी है, प्रभु उनकी पुण्य आत्मा को बैकुंठ धाम में स्थान दे।