नववर्ष व क्रिसमस के मद्देनजर राजाजी पार्क में रेड अलर्ट

Share

09HREG103 नववर्ष व क्रिसमस के मद्देनजर राजाजी पार्क में रेड अलर्ट

हरिद्वार, 09 दिसम्बर (हि.स.)। नव वर्ष व क्रिसमस त्योहार को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पार्क की सभी रेंजों में 24 घण्टे निरंतर पेट्रोलिंग के आदेश जारी कर दिए गए है। इसके साथ ही गंगा तटीय क्षेत्रों व सघन आबादी वाले इलाकों में वन कर्मियों की तैनाती के साथ ही सभी रेंज अधिकारियों को प्रतिदिन मॉनिटरिंग के आदेश भी दिए गए है।

पार्क महकमे मे निर्देश के बाद शुक्रवार को पार्क की चीला रेंज में पेट्रोलिंग अभियान की शुरुआत की गई। चीला रेन्ज अधिकारी द्वारा पालतू गजराजों के साथ कई टीमो को मुंढाल व घासीराम सेक्शन में गश्त के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही पूरे माह के लिए रूट मैप तैयार कर लिया गया है। इस अभियान को लेकर कई अतिरिक्त टीमें बनाई गई है।

चीला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी शैलेश घिल्डियाल ने बताया कि नववर्ष व क्रिसमस को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है, चीला रेंज में आज से पालतू गजराजों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर गस्त शुरू कर दी गयी है, इसके साथ ही सभी वन कर्मियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गयी है, साथ ही बेहतर कम्युनिकेशन को लेकर भी सभी को आवश्यक निर्देश जारी किये गए है।

रेड अलर्ट को लेकर पार्क की डिप्टी डायरेक्टर कहकशां नसीम का कहना है कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान पड़ने वाली छुट्टियों के चलते काफ़ी संख्या मे सैलानी राजाजी टाइगर रिजर्व और उसके आस पास बने रिजॉर्ट्स मे घूमने के लिए आते है, इस भीड़ का फायदा उठाते हुए शिकारी भी जंगल मे घुसने की ताक में रहते है, इसी के चलते राजाजी मे रेड अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही इस दौरान रेंज अधिकारियों के साथ साथ मेरे द्वारा भी मॉनिटरिंग की जा रही है ।