30HREG246 स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने डॉक्टरों से पंत के स्वास्थ्य की ली जानकारी
देहरादून, 30 दिसम्बर (हि.स.)। क्रिकेटर ऋषभ पंत के स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बयान दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्रिकेटर ऋषभ पंत खतरे से बाहर हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सकों की टीम विशेष सतर्कता रख रही है।
ऋषभ पंत की कार का आज सुबह रुड़की के पास एक्सीडेंट हो गया। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पंत का देहरादून के मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने मैक्स अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों से पंत के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से फोन पर बात कर पंत के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने बताया कि पंत के उपचार में डॉक्टरों की टीम जुटी है और वह खतरे से बाहर हैं। राज्य सरकार ऋषभ पंत के इलाज के लिए हरसंभव मदद करने को तैयार है।