उप्रः में मैनपुरी की हार ने फीका किया गुजरात जीत का जश्न

Share

08HREG362 उप्रः में मैनपुरी की हार ने फीका किया गुजरात जीत का जश्न

आजादी के बाद पहली बार भाजपा को रामपुर में मिली विजय

लखनऊ, 08 दिसम्बर (हि.स.)। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में मिली करारी हार ने उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए गुजरात जीत का जश्न फीका कर दिया। गुजरात में भाजपा को प्रचण्ड जीत हासिल हुई है। इस चुनाव में गुजरात ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिये हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न भाजपा पूरे देश में मना रही है लेकिन मैनपुरी की हार ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए जीत का जश्न फीका कर दिया। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में न तो मिठाई बंटी और न ही जीत का जश्न मनाया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय पर न तो प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी मौजूद थे और न ही पार्टी का अन्य कोई बड़ा नेता। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा व खतौली और रामपुर विधानसभा में उपचुनाव था। मैनपुरी से जहां सपा ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की है वहीं रामपुर विधानसभा से भाजपा और खतौली सीट सपा रालोद के खाते में गयी है।

रामपुर में आजादी के बाद पहली बार मिली भाजपा को विजय

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा तथा रामपुर व खतौली उपचुनावों के परिणाम पर कहा कि रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आजादी के बाद पहली बार भाजपा को विजय मिली है। यह विजय पार्टी की सबका साथ सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति पर जनता की मुहर है।

मोदी के नेतृत्व में गुजरात की विराट विजय

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा के चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड विजय के लिए जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विराट विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी के जनकल्याण के संकल्प एवं सुशासन की जीत है।

अपेक्षा के अनुरूप नहीं आये उपचुनाव के परिणाम

भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कि मैनपुरी लोकसभा और खतौली विधानसभा के उपचुनाव के परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे है। हम जनादेश का सम्मान करते है। मैनपुरी में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बडे़ कद व व्यक्तित्व का लाभ सपा प्रत्याशी को मिला है। मै डिंपल यादव को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि हम जनादेश का सम्मान करते है और जहां परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए है वहां की समीक्षा करते हुए हम आगे की योजना बनायेगे।