09HREG110 नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
हरिद्वार, 09 दिसंबर (हि.स.)। पर्यटन मंत्रालय के तत्वाधान एवं इंडियन रेड क्रॉस के संयोजन में स्वच्छ भारत स्वच्छ पर्यटन विषय पर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत उत्तराखण्ड के जनपद हरिद्वार में भी इंडियन रेड क्रॉस के संयोजन में जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अन्तर्गत इंडियन रेड क्रॉस के अध्यक्ष जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय एवं सचिव डॉ. नरेश चौधरी के नेतृत्व में हरकी पौड़ी पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं उपस्थित जनपद निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इंडियन रेड क्रॉस सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि हम सब स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे और इसके लिए अपनी जीवन शैली में विशेष रूप से समय देंगे। प्रत्येक वर्ष 100 घण्टे यानी प्रत्येक सप्ताह 2 घण्टे श्रमदान करके स्वच्छता के इस संकल्प को चरित्रार्थ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक सबसे पहले स्वयं से अपने परिवार से, अपने मोहल्ले से, अपने निवास स्थान से एवं अपने कार्यस्थल से स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे।