24HREG1 खरगोनः पुलिस ने नौसादर का ज़खीरा पकड़ा
खरगोन, 23 दिसंबर (हि.स.)। जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के गांव बारुल में शुक्रवार को खरगोन पुलिस द्वारा प्रतिबंधित नौसादर के विक्रय पर बड़ी कार्यवाही की गई है। एएसपी मनीष खत्री ने बताया कि बारुल में एक दुकान से एक पेटी नौसादर बरामद होने के बाद पूछताछ की गई। इसके बाद दो अन्य स्थानों का पता लगाने में पुलिस कामयाब हुई। फिर पुलिस ने काटकूट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग किराना दुकानों पर की गई कार्यवाही में बड़ी मात्रा में नौसादर बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को हुई तीन अलग-अलग कार्यवाही में कुल 9 क्विंटल 45 किलो प्रतिबंधित नौसादर जब्त किया गया। जब्त करने के बाद अलग अलग थानों में भादवि 188 में प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही जारी है। इन कार्यवाहियों में पुलिस विभाग अमले की उपस्थिति रही। पुलिस विभाग द्वारा पिछले 3 दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित नौसादर पर कार्यवाही की गई है। जिसमे भीकनगांव, भगवानपुरा, करही में दो-दो, बेड़िया में एक कार्यवाही में कुल 68.290 ग्राम नौसादर जब्त कर प्रकरण बनाये गए हैं। इस तरह पिछले तीन दिनों में की गई कार्यवाहियों में 10 क्विंटल 13 किलो 290 ग्राम नौसादर जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने किया कच्ची शराब सेवन करने वालो को किया सतर्क
इस कार्यवाही के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने नौसादर के महुआ की शराब में इसके उपयोग की आशंका के कारण जिले में कच्ची शराब के सेवन करने वालो को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों से खरगोन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा कार्यवाहियां की गई है। ऐसी कार्यवाहियों से यह आशंका है कि जिले में महुआ की कच्ची शराब में नौसादर का उपयोग किया जा रहा है। कच्ची शराब के निर्माण में महुआ, गुड और तिल को गलाने के लिए नौसादर का उपयोग होता है। नौसादर के उपयोग से शराब और अधिक जहरीली हो जाती है। इसके अलावा नौसादर के कारण शराब प्राणघातक हो जाती है। इसलिए कच्ची शराब पीने वाले अपने परिवार और अपने स्नेहीजनों को ध्यान रखें और इससे पीने बचें।