09HREG102 विहिप ने किया आचार्या प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
हरिद्वार, 9 दिसंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के सेवा विभाग द्वारा संचालित संस्कार शालाओं के प्रशिक्षण के लिए एक आचार्या प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन प्राचीन अवधूत मण्डल आश्रम ज्वालापुर में किया गया। विश्व हिन्दू परिषद की संस्कार आचार्या प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन प्रांत उपाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संस्कार आचार्या प्रशिक्षण कार्यशाला के मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय सेवा प्रमुख अजय पारीक का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। अजय पारीक ने देशभर में विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संचालित किए जा रहे सेवा कार्यों के सम्बंध में जानकारी देते हुए कहा कि जहां अभाव वहां हम जैसे ध्येय वाक्य का समाज को यथार्थ में दर्शन कराने में सेवा विभाग के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद सम्पूर्ण देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वालंबन, समरसता, संस्कार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र मानकर समाज के वंचित, शोषित, पीड़ित समुदाय को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद देश में अनाथ, निराश्रित, निर्धन बालकों के लिए 118 आवासीय सेवा प्रकल्प संचालित कर रहा हैं। इन सेवा प्रकल्पों में बालकों के समग्र विकास शैक्षिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, राष्ट्रभक्ति आदि जैसे विषयों पर रचनात्मक विकास कार्य कर रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों के सकारात्मक परिणाम स्वरूप वर्तमान में सम्पूर्ण देश में अशिक्षा, कुसंस्कार, अराष्ट्रीय जैसी गतिविधियों पर लगाम लगी है। सेवा प्रकल्पों से निकलने वाले बालक समाज की मुख्य धारा में समाज परिवर्तन के वाहक बन कर परिवर्तन लाने में सफल रहे हैं।