06HREG80 भाजपा के साथ अटूट जन विश्वास: भूपेन्द्र चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष ने गोला विधानसभा उपचुनाव में विराट विजय के लिए मुख्यमंत्री योगी को दी बधाई
लखनऊ, 06 नवम्बर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने गोला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की विजय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के साथ अटूट जन विश्वास है।
भूपेन्द्र चौधरी ने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अमन गिरी को प्रचंड विजय की शुभकामनाएं देते हुए गोला गोकर्णनाथ विधानसभा की जनता एवं समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ में अमन गिरि की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी के नाम,काम,विकास व सुशासन एवं पार्टी अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की कुशल रणनीति और टीम वर्क का कमल खिला है। कार्यकर्ताओं का अभिनन्दन,जनता के प्रति आभार,अमन को बधाई।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि गोला की जीत भाजपा नेतृत्व पर जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चहुंमुखी विकास की यात्रा जारी है। गोला को मार्डर्न विधानसभा बनायेंगे।
भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ की विजय भाजपा की नीतियों की जीत है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जो गांव -गरीब और किसान के लिए काम किया है। आम आम जनमानस का विश्वास सरकार पर बढ़ा है। पूरा देश आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति को स्वीकार कर रहा है और उनकी विकास की नीति के साथ चल रहा है।