09HREG49 उप्र में तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव में सपा व रालोद मिलकर लड़ेगी चुनाव
– मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा उतारेगी उम्मीदवार, खतौली में आरएलडी उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव
लखनऊ, 09 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अगले माह पांच दिसम्बर को एक लोकसभा व दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) मिलकर लड़ेंगे। यह जानकारी समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर बुधवार को दी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने आफिशियल ट्वीट से पोस्ट कर जानकारी दी कि प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा के साथ रामपुर व खतौली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बताया कि मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में आने वाली खतौली विधानसभा सीट पर आरएलडी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मैनुपरी लोकसभा सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधान के बाद उपचुनाव होगा, जबकि रामपुर और खतौली विधानसभा सीटों पर क्रमशः आजम खान और विधायक विक्रम सिंह सैनी की सदस्यता जाने के बाद उपचुनाव होने जा रहा है। तीनों ही सीटों पर एक साथ पांच दिसम्बर को मतदान होगा और आठ दिसम्बर को परिणाम आएंगे।