20HCRI30 राजगढ़ः 23 बाइकें व सोने-चांदी के जेवरात जब्त, पांच आरोपित गिरफ्तार चार फरार
राजगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर ब्यावरा थाना पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने तीन सप्ताह पहले शहर में स्थित आदर्श काॅलोनी में सात सूने घरों सहित धीरप काॅलोनी में एक घर से बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 23 बाइकें, सोने-चांदी के जेवरात सहित 18 लाख 10 हजार का माल वरामद किया है।
पुलिस आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और भी बड़े खुलासा होने की संभावना जताई गई है। पुलिस अधीक्षक अवधेशकुमार गोस्वामी ने रविवार को शहर ब्यावरा थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 26-27 अक्टूबर की रात अज्ञात बदमाश आदर्श काॅलोनी स्थित सात सूने मकानों से गेट का कुंदा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए थे, वहीं पांच दिन बाद धीरप काॅलोनी स्थित सूने मकान से गेट का कुंदा तोड़कर एक बाइक चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत प्रकरण दर्ज कर पड़ताल शुरु की। एएसपी मनकामनाप्रसाद, एसडीओपी ब्यावरा नेहा गौर के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर अंतर्राज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना रुपसिंह भील को ग्राम मोगियावे से गिरफ्तार किया। पूछताछ पर आरोपित ने सूने मकानों से चोरी करना स्वीकार किया साथ ही अन्य साथियों के नाम उजागर किए।
पुलिस ने मामले में गुड्डा उर्फ अजवान, पहलवान भील, सोनू और हेमराज को गिरफ्तार किया,वहीं चार आरोपित फरार बताए गए है,जिनकी गिरफ्तारी को लेकर दस हजार का इनाम घोषित किया गया है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, नकदी और 23 बाइकें जब्त की, जो गुना, राजगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 18 लाख दस हजार का माल जब्त कर पूछताछ शुरु की।