फतेहपुर: विद्युत संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना खत्म

Share

11HREG391 फतेहपुर: विद्युत संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना खत्म

-अधीक्षण अभियंता ने जांच कर कार्यवाही का दिया आश्वासन

फतेहपुर, 11 नवम्बर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को गालीबाज अवर अभियंता के खिलाफ उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ ने विरोध करते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर अनिश्चित कालीन धरने में बैठ गये। अधीक्षण अभियंता ने अवर अभियंता के बुरे वर्ताव के खिलाफ जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन देकर धरने को समाप्त कराया।

बिन्दकी विद्युत उपखण्ड केन्द्र के डिघरुवा विद्युत पावर केन्द्र में लाइनमैन के पद पर तैनात संविदाकर्मियों को अवर अभियंता बसंत लाल के द्वारा गाली गलौज कर अपमानित करने के मामले को करीब एक हफ्ते बाद आज अधीक्षण अभियंता सैय्यद रिजवी अब्बास ने संज्ञान लिया और एसडीओ बिन्दकी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। जांच के बाद विभागीय कार्यवाही करने का आश्वासन देकर अनिश्चित कालीन धरने को समाप्त कराया।

अधीक्षण अभियंता सैय्यद रिजवी अब्बास ने कार्यालय में धरने पर बैठे संविदाकर्मियों की बात सुनी और एसडीओ बिन्दकी को मामले की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने बताया कि संविदा कर्मचारियों के मामले को गंभीरता से लिया गया है। कोई भी अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ गालीगलौज कर अभद्रता नहीं कर सकता। यदि जांच में पाया गया तो निश्चित रूप से विभागीय कार्यवाही की जायेगी।