डिप्रेशन के बारे में जन-जागरूकता के प्रयास महत्वपूर्ण : शिवराज

Share

20HREG132 डिप्रेशन के बारे में जन-जागरूकता के प्रयास महत्वपूर्ण : शिवराज

– युवाओं को डिप्रेशन से बचाने 30 धावक दौड़ेंगे 8 हजार किलोमीटर

– मुख्यमंत्री के साथ धावक दल ने भी किया पौध-रोपण

भोपाल, 20 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डिप्रेशन के बारे में जन-जागरूकता के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इस समस्या से युवाओं को बचाना बहुत आवश्यक है। प्रयास यह होना चाहिए कि डिप्रेशन की समस्या हो ही नहीं पाए। उन्होंने कहा कि दौड़ के आयोजन और अन्य जागरूकता गतिविधियों से लोगों को डिप्रेशन से बचाने के कार्य से जुड़ी संस्था हिमालय नाइट के प्रयास अनुकरणीय हैं।

दरअसल, रविवार को राजधानी भोपाल पहुंचे धावक दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री चौहान के साथ स्मार्ट उद्यान में भी पौध-रोपण में हिस्सा लिया। पौध-रोपण के दौरान धावक दल के सदस्यों ने डिप्रेशन के विरुद्ध प्रारंभ अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने युवाओं द्वारा डिप्रेशन के विरूद्ध विश्व की सबसे लम्बी रिले दौड़ के प्रयास की सराहना की। बताया गया कि करीब 8 हजार किलोमीटर की दौड़ में 30 धावक शामिल हैं। चंडीगढ़ से 10 नवम्बर को रवाना यह दौड़ 19 नवम्बर को श्री महाकाल लोक की परिक्रमा भी कर आई है। प्रतिदिन 250 किलोमीटर की दूरी तय की जा रही है। यह दौड़ 24 घंटे चलती है। कुल 36 दिन तक दौड़ निरंतर चलेगी। इस दौड़ के मार्ग में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और अन्य प्रांत शामिल हैं। रिले दौड़ नई दिल्ली में समाप्त होगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने संदीप आर्य, धावक दल के एक दिव्यांग सदस्य सहित चार बेटियों से चर्चा भी की। चौहान ने डिप्रेशन के विरूद्ध किए जा रहे प्रयासों के लिए दल के सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री चौहान ने गुलमोहर और आंवला के पौधे रोपे।

पौध-रोपण में शामिल अन्य प्रतिनिधि

मुख्यमंत्री चौहान के साथ समाजसेवी प्रद्युम्न शास्त्री ने अपने जन्म-दिवस पर पौधा लगाया। पार्षद सुरेन्द्र वाडिका एवं तीर्थ राज मिश्रा, योगेश सक्सेना और अशोक पटेल भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ पत्रकार कृष्ण मोहन झा और राजेश कुमार ने भी पौध-रोपण किया।