मंदसौर: अभिनंदन काॅलोनी क्षेत्र में मोबाईल टॉवर का विरोध, हटाने की मांग

Share

20HREG224 मंदसौर: अभिनंदन काॅलोनी क्षेत्र में मोबाईल टॉवर का विरोध, हटाने की मांग

मंदसौर 20 नवम्बर (हि.स.)। शहर के रिहायशी ईलाकों और घनी आबादी के बीच विभिन्न कम्पनियों द्वारा मोबाइल टावर लगाए गए हैं, जिससे रहवासियों को टावर से निकलने वाले रेडियेशन से होने वाली बीमारियों का डर अब सताने लगा है। प्रशासनिक अफसर और नगर पालिका द्वारा भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करने से रहवासियों में आक्रोश पनप रहा है। अभिनंदन कॉलोनी क्षेत्र में मोबाईल टॉवर को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। थाली चम्मच बजाकर लोगों ने इसका विरोध कर कलेक्टर को अवगत कराया।

रविवार को अभिनंदन कॉलोनी निवासी वार्ड क्रमांक 5 के रहवासियों द्वारा निवास क्षेत्र में मकान नंबर 152 के डीसी सक्सेना की छत पर लगाए गए एयरटेल कंपनी के टावर के विरोध में थाली चम्मच बजाते हुए जन आंदोलन की शुरुआत की गई । जन आंदोलन के दौरान जन जन का है यही नारा रेडिएशन फ्री हो वार्ड हमारा के नारे लगाते हुए यह मांग की गई है कि सुरक्षा की ओर ध्यान देते हुए एयरटेल कंपनी के टावर को यहां से हटाकर किसी खुले क्षेत्र में ले जाया जाए। धरना प्रदर्शन के दौरान बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, नौजवान, बड़े सभी के द्वारा भागीदारी की गई और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरुआत की गई।