नगर निगम के चक्कर काटने से जनता को मिलेगी मुक्ति

Share

11HREG371 नगर निगम के चक्कर काटने से जनता को मिलेगी मुक्ति

-नगर आयुक्त ने बताई भविष्य की रणनीति

गाजियाबाद, 11 नवम्बर (हि.स.)। यदि सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली से सटे गाजियाबाद की जनता को अपनी समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जनता को अपनी समस्याएं लेकर नगर निगम ना जाना पड़े इसके लिए नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने कंपनी बाग में संचालित कंट्रोल रूम को अत्याधुनिक तरीके से संचालित करने का निर्णय लिया है। इस काम में करीब 2 महीने का समय लगने का अनुमान है।

शुक्रवार को नगर आयुक्त ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की भूमियों से अवैध कब्जा हटाया जाएगा। इससे पहले भूमि का तमाम सर्वे भी किया जाएगा। कब्जा मुक्त भूमि पर कोई पुनः कब्जा न करे इसके लिए भी भूमि की चाहर दिवारी या फेन्सिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि ढाई लाख नई प्रॉपर्टी को टैक्स के दायरे में लाया जाएगा। टैक्स वसूली के लिए भी प्लान तैयार कर लिया गया है ताकि नगर निगम की आय बढ़ सके ।

नगर आयुक्त ने बताया कि जब उन्होंने नगर निगम का चार्ज लिया था उस समय 157 करोड़ रुपए देयता थी जो अब 120 करोड़ के आसपास बची है। 30 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ओवर बजटिंग पर चल रहा था लेकिन अब धीरे-धीरे स्थिति सुधार की ओर है। उन्होंने कहा कि इस दौरान 30 करोड़ के विकास कार्यों के टेंडर भी छोड़े जा रहे हैं। कहा कि अदालत में मजबूती के साथ पैरवी भी की जा रही है। जनता को अपनी समस्याओं को लेकर नगर निगम के चक्कर न काटने पड़े इसकी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए कंपनी बाग में इंटेग्रेटेड कंट्रोल रूम को अपग्रेड किया जा रहा है। जल्द ही इस कंट्रोल रूम के जरिये 33 तरह की सर्विस ऑनलाइन जनता को उपलब्ध कराई जायेगी।