10HREG238 मुख्यमंत्री की घोषणा के एक वर्ष बाद भी नहीं मिले 10 हजार रुपये, शासनादेश की प्रतियां जलाईं
नैनीताल, 10 नवंबर (हि.स.)। एनएचएम यानी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया और इस दौरान शासनादेश की प्रतियां भी जलाईं। उनका कहना था कि एनएचएम कर्मचारियों के लिए कोविड काल में मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहन राशि के तौर पर दस हजार रुपये देने की घोषणा की थी। इसका शासनादेश भी जारी किया गया। मगर एक वर्ष गुजर जाने के बाद भी प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में उनकी अन्य मांगों पर विचार किये जाने की कैसे उम्मीद की जा सकती है।
गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के बैनर तले एनएचएम कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय में एकत्रित होकर शासनादेश की प्रतियां जलाकर रोष जताया। संगठन के अध्यक्ष सरयू नंदन जोशी ने कहा कि प्रदेश में पूर्व से एनएचएम कर्मचारियों की चलती आ रही बीमा, वेतन निर्धारण, वेतन बढ़ोतरी, एचआर पॉलिसी सहित तमाम मांगों पर भी अब तक कोई विचार नहीं किया गया। बीते सितंबर माह में स्वास्थ्य सचिव के साथ संगठन के पदाधिकारियों की बैठक पर आश्वासन तो मिला, मगर अब तक एक भी मांग में सकारात्मक निर्णय सरकार द्वारा नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों के प्रति उदासीनता बरतने का खामियाजा आगामी दिनों में सरकार को भुगतना पड़ेगा। आगे प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक कर आगे के निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने भविष्य में मांगे पूरी नहीं होने पर और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।