कोहरे ने दी दस्तक, मुरादाबाद रेल मंडल प्रशासन हुआ सतर्क

Share

09HREG83 कोहरे ने दी दस्तक, मुरादाबाद रेल मंडल प्रशासन हुआ सतर्क

– सीनियर डीसीएम बोले मुरादाबाद रेल मंडल में कोहरे को लेकर फाग डिवाइस आदि सभी इंतजाम पूरे

मुुरादाबाद, 09 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में सर्दी के मौसम में प्रत्येक वर्ष कोहरा रेलवे के लिए परेशानियों का सबब बनता है। बुधवार को कोहरे ने दस्तक दी और मौसम बदला सा दिखायी दिया। दोपहर तक आसमान में धुंध छाई रही और सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। इसको लेकर रेल प्रशासन भी सतर्क हो गया। बुधवार को कोहरे का असर ट्रेनों पर बहुत अधिक नहीं हुआ।

उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग सुधीर कुमार सिंह ने बुधवार को यह बताया कि कोहरे का फिलहाल रेल संचालन पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। दो तीन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कुछ विलंब के साथ मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं।

सीनियर डीसीएम ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में कोहरा और अधिक बढ़ेगा तो रेल यातायात पर इसका व्यापक असर पड़ेगा। रेलवे ने कोहरे में रेल संचालन के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। उन्होंने बताया कि रेल पटरी की सुरक्षा से लेकर फाग डिवाइस आदि इंतजाम पूरे हैं।