वाहनों से डीजल चुराते दो पकड़े, जमकर की पिटाई

Share

10HREG189 वाहनों से डीजल चुराते दो पकड़े, जमकर की पिटाई

हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों ने दो शातिर चोरों को एक वाहन से डीजल चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया। पहले तो मौके पर ही जमकर उनकी पिटाई की। उसके बाद सिडकुल थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ करने में लगी हुई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों ने संधू मार्केट के पास खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते दो लोगों को रंगे हाथों दबोच लिया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने इन दोनों की मौके पर ही पहले तो जमकर पिटाई की, फिर सिडकुल थाने लेकर गए। पूछताछ में पता चला है कि योगेंद्र निवासी बिजनौर उत्तर प्रदेश और गुरप्रीत सिंह निवासी बैरियर नंबर 6 रानीपुर का रहने वाला है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सिडकुल प्रमोद उनियाल ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसमें अज्ञात चोर लोगों के वाहनों से न केवल बैटरी चोरी कर रहे थे, बल्कि गाडियों से तेल भी साफ कर रहे थे। पुलिस को इन शातिर चोरों की काफी दिन से तलाश थी। पकड़े गए शातिरों से पूर्व में की गई सभी चोरियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।