20HREG225 डॉ. सर हरीसिंह गौर की जयंती सागर गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी
सागर, 20 नवंबर (हि.स.)। देश में डॉ. सर हरीसिंह गौर से बड़ा दानी नहीं हुआ। उनके योगदान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा नैतिक दायित्व है। इस आयोजन के लिए नगरीय विकास विभाग ने 2 करोड़ रु स्वीकृत किए हैं। सागर गौरव दिवस का पूरा खर्च मध्यप्रदेश सरकार भी उठा सकती है, लेकिन इस गैर राजनैतिक उत्सव को हम सागर की जनता का उत्सव बनाना चाहते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि सभी को अपनी स्वेच्छा अनुसार जन सहयोग का अवसर मिले।
आपको बता दें कि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आगामी 26 नवंबर गौर जयंती पर सागर गौरव दिवस के विराट आयोजन के लिए बुलाई गई तैयारी बैठक को सम्बोधित करते हुए यह विचार रखे। बैठक में आए नगर के गणमान्य नागरिकों और जिले भर की संस्थाओं ने इस भावनात्मक आयोजन के लिए जनसहयोग के रूप में 42 लाख रुपए से अधिक की धनराशि एकत्रित की।
मंत्री सिंह ने कलेक्टर सभाकक्ष में बड़ी संख्या में आए सभी वर्गों के प्रतिनिधियों से कहा कि इस आयोजन में देश भर से ऐसे सभी प्रभावशाली व्यक्तित्वों को बुलाया जा रहा है जो डॉ. गौर साहब के सागर विश्वविद्यालय से पढकऱ निकले और आज देश में ख्याति प्राप्त कर चुके हैं और उच्च पदों तक पहुंचे हैं। इन सभी सागर के गौरवों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। मंत्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान स्वयं भी सागर विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग से पोस्टग्रेजुएट होकर निकले हैं। इसलिए वे छात्र जीवन से ही डॉ. गौर साहब के विषय में पूरी जानकारी रखते हैं।
मुख्यमंत्री की इच्छा थी कि डॉ. गौर की जयंती को ही सागर गौरव दिवस के रूप में भव्यता से मनाने की परंपरा डाली जाए। इस आयोजन में शामिल होने मुख्यमंत्री अपनी तमाम व्यस्तताओं को छोडकऱ सागर आ रहे हैं और तीन घंटे से ज्यादा समय वे आयोजन में रहेंगे।