25HREG431 अयोध्या : पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ वर-वधू को दिलाए सात फेरे
-जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
अयोध्या, 25 नवम्बर (हि.स.)। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान शुक्रवार को देश के विकास में योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के सामूहिक विवाह का लगातार तीसरी बार साक्षी बना। समारोह के दौरान 1356 बेटियों का विवाह धार्मिक रीतिरिवाज से संपन्न कराया गया । अयोध्या के 1,114 और 242 अंबेडकरनगर लाभार्थी शामिल रहे। इनमें कुल हिंदू जोड़े 1342 और मुस्लिम जोड़े 14 शामिल रहे।
हिंदू जोड़ों का विवाह प्रतिष्ठित गायत्री परिवार व मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनके धार्मिक रीतिरिवाज से संपन्न कराया गया। समारोह में धार्मिक अनुष्ठान, पंडाल और अन्य आदि की व्यवस्था श्रम विभाग द्वारा कराई गई थी। 75 हजार रुपये सभी लाभार्थियों के बैंक खाते में जाना है, जिसमें से 10 रुपये उनके खाते में अग्रिम रूप से अंतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इस अवसर पर विवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में 5 लाख बेटियों की शादी कराने का बीड़ा उठाया है, जिसके क्रम में शुक्रवार को अयोध्या मंडल में 1356 बेटियों की शादी करायी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मां के गर्भ में बच्चा आने से लेकर उसके पूरे जीवन भर के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। गरीबी की जड़ अशिक्षा है इसलिए नवोदय विद्यालय की तर्ज पर अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना की जा रही है।
राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन रघुराज सिंह ने कहा कि श्रम विभाग में श्रमिकों के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं संचालित है जिसकी जानकारी उन्हें होनी चाहिए। इसके लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जाय।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व विधायकगण वेदप्रकाश गुप्त, रामचन्द्र यादव, डॉ अमित सिंह चौहान ने केन्द्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, छात्रों, छात्राओं, गरीबों, सभी के लिए संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया तथा सभी नव दम्पति को आर्शावाद प्रदान किया।