10HREG37 विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भगवान बद्री विशाल के किए दर्शन
बद्रीनाथ, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने गुरुवार सुबह बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान बद्री विशाल का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष गढ़वाल के तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान बुधवार को भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद देर रात बद्रीनाथ पहुंची थीं। सुबह विधानसभा अध्यक्ष ने भगवान बद्री विशाल की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की उन्नति व खुशहाली की कामना की।
इससे पूर्व बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, उप मुख्य कार्याधिकारी सुनील तिवाड़ी, धर्माधिकारी आचार्य राधाकृष्ण थपलियाल व अन्य अधिकारियों ने बद्रीनाथ धाम पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया एवं तुलसी माला, प्रसाद व बदरीनाथ के अंगवस्त्र भेंट किए।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए उनकी यात्रा का जायजा भी लिया। इसके बाद उन्होंने देश के पहले गांव माणा का भ्रमण किया और जनजाति की महिलाओं से मुलाकात की।