25HCRI41 कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से पकड़े गए दो मोबाइल चोर, आठ मोबाइल बरामद
कानपुर, 25 नवम्बर(हि.स.)। ट्रेनों एवं कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर हो रही मोबाइल चोरी की वारदातों पर काबू पाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कानपुर जीआरपी थाने की पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े मोबाइल चोरों के कब्जे से आधा दर्जन से अधिक मोबाइल बरामद किया है।
सेन्ट्रल रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक राम कृष्ण द्विवेदी ने बताया कि बरेली जनपद के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गुलाब नगर निवासी सुरेन्द्र सागर पुत्र स्वर्गीय वेदराम और कानपुर जिले के ककवन थाना क्षेत्र में स्थित रहीमपुर विसधन गांव निवासी आकाश पुत्र राम चरन को आज सिटी साइड से गिरफ्तार किया गया है। दोनों के कब्जे से कुल चोरी के आठ मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों मोबाइल चोरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे पीयूष आनन्द, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एस.के.सिंह के निर्देश पर प्रयागराज एवं कानपुर जीआरपी क्षेत्राधिकारी पुलिस उपाधीक्षक सुनीता सिंह के नेतृत्व में लगातार चलाया जा रहा है।
चोरी की मोबाइल बेचकर चलाते हैं घर का खर्च
पकड़े आरोपितों ने पूछताछ के दौरान बताया कि सेन्ट्रल रेलवे स्टेशन के अन्दर एवं बाहर नींद में पड़े यात्रियों का मोबाइल चोरी करते हैं। इतना ही नहीं ट्रेन चलते समय खिड़की पास मौजूद यात्रियों का मोबाइल झपट्टा मारकर भाग जाते हैं। दोनों चोरी का मोबाइल बेंच कर जो पैसा पाते हैं, उससे ऐसो आराम करने के साथ ही अपने परिवार का खर्च चलाते हैं।