राज्य स्थापना दिवस, इगास पर्व और मन की बात कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड भाजपा की तैयारी

Share

28HREG51 राज्य स्थापना दिवस, इगास पर्व और मन की बात कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड भाजपा की तैयारी

देहरादून, 28 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी हफ्ता उत्तराखंड भाजपा के लिए व्यस्त कार्यक्रमों वाला है। पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम, फिर लोकपर्व इगास और 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस है। इन सारे कार्यक्रमों को उत्तराखंड भाजपा मनाएगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

इस संदर्भ में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में एक बैठक तथा संक्षिप्त पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने भट्ट कहा कि 9 नवम्बर, राज्य स्थापना दिवस को सांगठनिक स्तर पर मनाया जाएगा और सभी मंडलों में इस संदर्भ में आयोजन होंगे। इसके लिए महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी, नीरू देवी तथा मनवीर चौहान को दायित्व दिया गया है। 9 नवंबर को प्रदेश में दो गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें विशिष्ट प्रवक्ता भाग लेंगे। इस गोष्ठियों तथा कार्यक्रमों में उत्तराखंड आंदोलन से जुड़े शहीदों के परिजनों तथा आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें पार्टी पदाधिकारियों के अलावा सभी 47 विधायक भी सहभागिता करेंगे। इस संदर्भ में छह नवंबर को एक वर्चुअल बैठक भी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को इगास पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए सभी सांसद, विधायक व समस्त प्रदेश पदाधिकारी गांव स्थित बूथों तक पहुंचेगे तथा आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के बेहतर समन्वय के लिए प्रत्येक जिले के जिला प्रभारी बनाए गए हैं, जो अपने अपने जिलों में प्रवासियों को इस कार्यक्रम के लिए अपने मूल स्थान पर ले जाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। हमारा प्रयास होगा कि प्रवासी लोग अपने गांव पहुंचे तथा संगठन की दृष्टि से बनाए गए सभी 19 जिलों में यह कार्यक्रम समुचित ढंग से संचालित हो। इसके लिए 3 नवंबर तक प्रवासियों से गांव पहुंचने का आग्रह किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए उत्तरकाशी का जिम्मा विनोद सुयाल, रुद्रप्रयाग में कर्नल अजय कोठियाल, टिहरी में खजानदास, देहरादून ग्रामीण में मधु भट्ट, पौड़ी में विपिन कैंथोला, कोटद्वार में सुनीता विद्यार्थी, पिथौरागढ़ में हेमंत द्विवेदी, रानीखेत में प्रकाश रावत, अल्मोड़ा में सुरेश जोशी तथा काशीपुर में विकास शर्मा प्रभारी बनाए गए हैं।

इसी तरह मन की बात कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेन्द्र बिष्ट के संयोजन में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वीरचंद्र सिंह गढ़वाली मंडल में आयोजित मन की बात कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाग लेंगे। ऋषिकेश में प्रदेश अध्यक्ष भाग लेंगे तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियल निशंक को हरिद्वार, त्रिवेंद्र सिंह रावत को विकासनगर में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है।