15HREG317 मुस्लिमों का अल्पसंख्यक दर्जा समाप्त होना चाहिए : राम विलास वेदांती
बांदा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। श्री राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष राम विलास वेदांती ने मुसलमानों के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मुसलमानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यह देश के लिए खतरे की घंटी है, इसलिए इनका अल्पसंख्यक का दर्जा समाप्त होना चाहिए।
शहर की सिविल लाइन मोहल्ले में अपने रिश्तेदार राजीव द्विवेदी के आवास में आए श्री वेदांती ने शनिवार को पत्रकारों से रूबरू होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तारीफों की झड़ी लगा दी। इसके बाद मुसलमानों को टारगेट करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से देश में मुसलमानों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वह देश के लिए खतरा है। केरल में पहले मुसलमान अल्पसंख्यक था लेकिन अब बहुसंख्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी मुस्लिम वर्ग की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। आने वाले 10 वर्षों में मुसलमान हिंदू से ज्यादा हो जाएंगे। इस समय देश में 20 प्रतिशत से अधिक मुसलमान है इसलिए मुसलमानों का अल्पसंख्यक दर्जा खत्म हो जाना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी मंदिर को तोड़कर औरंगजेब ने मस्जिद का निर्माण कराया था। यह बात इतिहास में प्रमाणित हो चुकी है। ऐसी स्थिति में सरकार को कानून बनाकर ज्ञानवापी मंदिर बना देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में ही कश्मीर में धारा 370 हटाया गया और नौ नवंबर 2019 को राम जन्मभूमि का निर्णय आया। इसके बाद पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री ने भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2024 में 400 से अधिक सीटें जीत कर केन्द्र में सरकार बनाएगी और 2024 में ही कांग्रेस मुक्त भारत बन जाएगा।