उत्तराखंड : कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू, करन और यशपाल ने किया मतदान

Share

17HREG29 उत्तराखंड : कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू, करन और यशपाल ने किया मतदान

देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए देहरादून कांग्रेस भवन में सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई ने मतदान किया। राज्य से 222 पीसीसी डेलीगेट राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मतदान करेंगे। इनमें से सात लोग राज्य से बाहर होने के कारण अपने अपने स्थानों से मतदान में भाग लेंगे।

सोमवार सुबह दस बजे कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मतदान शुरू हुआ। इस मौके पर केन्द्र से चुनाव के लिए आए पीआरओ राज्यसभा सांसद जीसी चंद्रशेखर के साथ एपीआरओ जयशंकर पाठक, मनोज भारद्वाज की निगरानी में मतदान शुरू हुआ। इस दौरान कांग्रेस पीसीसी डेलीगेट मतदान के लिए लाइन में लग कर कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष करन, माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,मथुरादत जोशी,गरिमा दसौनी सहित कई ने वोट डाल दिये हैं।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि मतदान सुबह दस बजे से प्रारंभ हुआ है जो शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। पूरे प्रदेश के लिए अकेले देहरादून में ही मतदान की व्यवस्था की गई है। प्रदेश भर के डेलीगेट देहरादून पहुंच कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 के बाद ये पहला मौका है, जब कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव मतदान से हो रहा है। वर्ष 2000 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें सोनिया गांधी एकतरफा चुनाव जीतीं।

ये नहीं कर पाएंगे यहां पर मतदान-

पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा बिहार के पीआरओ हैं। उनके साथ हरीश ऐठानी भी एपीआरओ होने के कारण बिहार में ही मतदान करेंगे। इसके साथ महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, राजपाल बिष्ट, मोहित शर्मा, इशिता सेडा, वैभव वालिया के राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के कारण वे ऑनलाइन मतदान करेंगे।

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज हो रहे चुनाव मतदान में मल्लिका अर्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। दोनों ही उम्मीदवार अपने अपने पक्ष में मतदान को लेकर उत्तराखंड नहीं आए।

जारी…