पिथौरागढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के धारचूला तहसील में स्थित खोतिया क्षेत्र में आई दैवीय आपदा के निरीक्षण के लिए मुख्यमंत्री प्रभावित इलाकों में पहुंचे। मुख्यमंत्री जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम पहुंचकर वहां से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वे ग्राम रांथी (खोतिला) के आपदा प्रभावितों ग्रामीणों से भी मिले।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित लोगों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने जानकारी ली और अधिकारियों को कई ज़रूरी निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने धारचूला में प्रभावित क्षेत्र का हवाई निरीक्षण भी किया। हवाई निरीक्षण के साथ-साथ उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। वे कई प्रभावितों के घरों में भी गए। प्रभावितों से मिलने और स्थलीय निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां काफी नुकसान हुआ है। कोकिला गांव के 58 परिवार के मकान पूरी तरह से प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि एल धारा में भूस्खलन हुआ है, उससे धारचूला शहर में मलबा आ गया है। इससे कई घर उसकी जद में आ गए हैं। हमलोग यहां पुनर्वास की व्यवस्था की बात कर रहे हैं। आपदा राहत के काम भी तेज गति से गतिमान है।