राष्ट्रमंडल खेल : लॉन बाउल्स में भारतीय पुरूष फोर टीम ने जीता रजत

Share

बर्मिंघम, 6 अगस्त (हि.स.)। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में लॉन बाउल्स प्रतियोगिता में अपना दूसरा पदक जीता। भारतीय पुरुष फोर टीम, जिसमें सुनील बहादुर (लीड), नवनीत सिंह (दूसरे), चंदन कुमार सिंह (तीसरे) और दिनेश कुमार (स्किप) शामिल थे, ने रजत पदक जीता।

भारतीय टीम फाइनल में उत्तरी आयरलैंड से 5-18 से हार गई और उसे प्रतियोगिता में दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। भारत के इन खेलों में अब 29 पदक हो गए हैं, जिसमें 9 स्वर्ण, 11 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।

सीडब्ल्यूजी 2022 में लॉन बाउल्स प्रतियोगिता में यह भारत का दूसरा पदक था, इससे पहले भारतीय महिला फोर टीम ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 17-10 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था।

प्रतियोगिता में अब तक भारतीय पुरुष फोर टीम का अभियान प्रभावशाली रहा है। ग्रुप-स्टेज में मेजबान इंग्लैंड (11-20) से हार के बावजूद, फिजी (14-11) और कुक आइलैंड्स (20-10) के खिलाफ भारतीय टीम ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह सुनिश्चित की। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर में कनाडा को 14-12 से हराया और सेमीफाइनल दौर में इंग्लैंड को 13-12 से हराया।