मऊ 15 अगस्त (हि.स.)। भारत के आजादी की 75वें वर्षगांठ पर सोमवार को जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर मदरसों तक इसकी धूम दिखी।
जहां पूरा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है, वहीं जिले के लोगों पर भी आजादी का यह महापर्व सर चढ़कर बोल रहा है। लोग हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जयकारा लगाते हुए देश की आजादी का जश्न मना रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई तो कार्यालयों पर भी शान से तिरंगा फहराया गया।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में तो पुलिस अधीक्षक ने अपने कार्यालय पर तिरंगा फहराया और सलामी दी। जबकि अन्य सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों पर भी पूरे जोश खरोश के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया और झंडारोहण हुआ।