रतलाम: प्रत्याशी तो नाम मात्र का चुनाव लड़ता है ,बूथ का हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है: विष्णुदत्त शर्मा

Share

रतलाम, 6 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी.डी.शर्मा ने बुधवार को त्रिदेव कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है और चुनाव प्रचण्ड बहुमत के साथ जीतेगी। कार्यकर्ता भाजपा की ताकत हैं, जिनके बल पर हम दम भरते हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस चुनाव को ऐतिहासिक चुनाव बनाएं, महापौर प्रचण्ड बहुमत से जीतें और सभी वार्ड पार्षद हमारे जीतकर आएं ताकि विकास का यह पहिया निरंतर आगे बढ़ता रहे। शर्मा ने कहा कि प्रत्याशी नाम मात्र का होता है, बूथ का हर कार्यकर्ता प्रत्याशी है। कमल का फूल चुनाव लड़ता है और यही चुनाव जीतता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव को गंभीरता से लें तथा हर बूथ पर 50 प्रतिशत से अधिक मत हमें प्राप्त हों इस दिशा में प्रयत्न करें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आज भारत को दुनिया में जो सम्मान मिल रहा है वह मोदीजी के कारण मिल रहा है। नरेन्द्र मोदीजी आज दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में से एक है। दुनिया के कई देशोंं ने इस बात को माना है और स्वीकारा है। उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियों पर प्रकाश डाला और कहा कि हमने गरीबी को दूर किया है, इसके लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं। समाज का हर वर्ग आज खुशहाल है, जबकि कांग्रेस ने हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने और प्रदेश की जनता से उनका हक छीनने का पाप किया है।

सम्मेलन में क्षेत्र के सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल तथा वार्डों के उम्मीदवार व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश की सभी नगर निगमों पर हमारा कब्जा होगा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हम नगरीय निकायों में अच्छी सफलता प्राप्त करेंगे और सभी 16 नगर निगमोंं में गत चुनाव से अधिक प्रचण्ड मतों से जीतेंगेे। विकास का मुद्दा हमारा प्रमुख मुद्दा है और इसी मुद्दे को लेकर हम चुनाव लड़ रहे हैं। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि उदयपुर की घटना राजनैतिक संंरक्षण का परिणाम है। कांग्रेस गलत तत्वों को प्रोत्साहित कर रही है उसी का परिणाम है कि इस प्रकार की घटनाओं को बल मिलता है। उन्होंने कहाकि रतलाम के विकास का जो संकल्प पत्र जारी हो रहा है उसे समयबद्ध कार्यक्रम के साथ लागू किया जाएगा। लोगों को प्रतिदिन पीने का पानी मिले इसके लिए जल्द व्यवस्था की जाएगी, साथ ही शहर के विकास के अनेक कार्य होंंगे।

संकल्प पत्र का विमोचन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेेतन्य काश्यप, तथा महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेेल एवं पार्षद प्रत्याशियों की उपस्थिति में भविष्य केे रतलाम के संकल्प को लेकर संकल्प पत्र का विमोचन किया । संकल्प पत्र में शहर के विकास की भावी योजनाओं का जिक्र किया गया है। इसमें स्वच्छ रतलाम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। इसके साथ ही सुलभ शौचालय, हर घर में नल, प्रतिदिन जल देने का वादा किया गया। छ: स्थानों पर देर रात तक चलने वाली चाट चौपाटी का नवनिर्माण, शहर की सभी मोहल्लों, बस्तियों व कालोनियों के करीब 250 कि.मी. आंतरिक सड़कों व मुख्य आंतरिक मार्गों का 125 करोड़ रु. की लागत सेे पुन: निर्माण, 52 करोड़ की लागत से सिटी रिंग रोड़ का निर्माण, स्ट्रीट वेंडर सब्जी एवं फल व्यापारियों के लिए सुव्यवस्थित आधुनिक छ: मार्केटों का निर्माण, शहर के प्रमुख मार्गों का सौंदर्यीकरण, राजमहल सहित ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, आवारा पशुओं के लिए योजना का निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार, महापौर हेल्पलाईन, झुग्गी मुक्त रतलाम, अवैध एवं अविकसित कालोनियों में बुनियादी सुविधाएं, आवासहीन परिवारों को आवास, माणकचौक में मल्टीलेवल पार्किंग, आधुनिक स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण, 22 करोड़ की अमृत सागर सौंदर्यीकरण की योजना का क्रियान्वयन सहित अनेक आकर्षक और लुभावनी योजनाएं संकल्प पत्र में उल्लेखित हैं, जिसके लिए समयबद्ध कार्यक्रम बनाने का विश्वास व्यक्त किया गया।