हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। लावारिस गोवंश की सेवा के लिए वैदिक गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी के नेतृत्व में शुक्रवार को लक्सर स्थित शिव मंदिर से एक रोटी-एक रुपये गौ सेवा अभियान शुरू किया गया। अभियान का शुभारंभ कोतवाली लक्सर के एसएसआई अंकुर शर्मा ने पुलिस कोतवाली की ओर से गाय को रोटी व रुपया देकर किया।
एसएसआई अंकुर शर्मा ने कहा कि वैदिक गौशाला एक अच्छा कार्य कर रही है। पुलिस द्वारा पकड़ी जाने वाली गायों को भी वैदिक गौशाला में संरक्षण मिल रहा है। इस दौरान कांग्रेस नेता चौधरी सत्यजीत सिंह ने कहा कि गाय सेवा में वैदिक गौशाला को हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।
गौ सेवा अभियान कोतवाली से चलकर लक्सर गांव में पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों व गौ सेवकों ने एक रोटी और एक रुपये का दान किया। लक्सर बाजार में व्यापारियों ने वैदिक गौशाला के एक रोटी-एक रुपया के अभियान का जमकर स्वागत किया। अभियान चौधरी मार्केट, जवाला चौक, मेन बाजार, इंदिरा चौक, दुर्गा मंदिर, बसेड़ी चौक, सब्जी मंडी, रेलवे फाटक, फ्लाई आवर मार्केट, मेटाडोर स्टैंड होते हुए ट्रक यूनियन कार्यालय पर सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर गौशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि लक्सर क्षेत्र में प्रति दिन एक रोटी-एक रुपया अभियान जारी रहेगा। अभियान का दूसरा चरण शुगर मिल लक्सर से प्रारंभ होगा।