नवविवाहितों को बताए जाएंगे परिवार नियोजन के लाभ

Share

– इस साल हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी मनेगा विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा

मुुरादाबाद 3 जुलाई (हि.स.)। ”परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय, -तरक्की का लिखो नया अध्याय” थीम पर इस साल विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत नव विवाहित दंपति से संपर्क साधकर कर उन्हें परिवार नियोजन के साधन अपनाने के तरीके और उसके फायदे के बारे में बताया जाएगा।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल ने बताया कि इस बार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी विश्व जनसंख्या पखवाड़ा दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए सभी को पत्र जारी कर निर्देश दे दिए गए हैं। सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर एएनएम व कम्युनिटी हेल्थ अफसर नव विवाहित दंपति, जिनका परिवार पूरा हो गया हो या जो दो बच्चों में अंतर रखना चाहते हों, उनसे संपर्क कर काउंसिलिंग करेंगे। सभी नवविवाहित दंपति को परिवार नियोजन परामर्श दिया जाएगा। उन्हें माला एन, छाया, कंडोम आदि के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

जिला परिवार नियोजन प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि नवविवाहित दंपति को पोषण की भी जानकारी दी जाएगी। उनका वजन और प्रेगनेंसी की जांच भी की जाएगी। अगर कोई महिला गर्भवती मिलती है और जांच के बाद 12 ग्राम से कम हीमोग्लोबिन मिलता है तो आयरन व फॉलिक एसिड की गोली दी जाएगी। पखवाड़े के दौरान देखा जाएगा कि जिन दंपति का परिवार पूरा हो गया है, उनकी काउंसिलिंग कर नसबंदी करा दी जाए।

उन्होंने आगे बताया कि जो भी नसबंदी कराना चाहेंगे, उनका प्री-रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इस बार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर पखवाड़े के दौरान दंपति की कांउसिलिंग करने के साथ ही परिवार नियोजन के साधन भी दिए जाएंगे। पूरे पखवाड़े के दौरान आशा दंपति की काउंसिलिंग कर उन्हें परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए जागरूक करेंगी।